नईदिल्ली, 30 अपै्रल। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 41वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के ट्रेविस हेड ने मुंबई इंडियंस के विरुद्ध 76 रन की बेहतरीन पारी खेली। यह उनके आईपीएल करियर का 9वां अर्धशतक साबित हुआ। इस बीच उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी की। यह मुंबई इंडियंस के खिलाफ उनके बल्ले से निकलने वाला दूसरा अर्धशतक रहा। आइए उनकी बल्लेबाजी के बारे में जानते हैं।
हेड को 2 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर पहला जीवनदान मिला। पारी का तीसरा ओवर करने आए ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर नमन धीर ने हेड का कैच छोड़ा। इसके बाद हेड ने आक्रामक बल्लेबाजी की और 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह 30 गेंदों में 4 चौकों और 8 छक्कों की बदौलत 76 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अभिषेक (45) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी की।
हेड ने अपना पहला आईपीएल मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ साल 2016 में खेला था। वह अब तक 47 मुकाबलों की 46 पारियों में लगभग 34 की औसत से 1,400 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 9 अर्धशतक के अलावा 1 शतक भी निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 102 रन रहा है। उन्होंने 6 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट भी अपने नाम किए हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

