रांची : झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के अध्यक्ष अजय राय ने सिमडेगा विद्युत प्रमंडल के 33/11 पीएसएस बोलबा के 11 केवी कादोपानी फीडर पर कार्य के दौरान मानव दिवस कर्मी प्रमोद मिंज की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घटना की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कार्रवाई तथा पीडि़त परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, उचित मुआवजा और आश्रित को नौकरी देने की मांग की है। अजय राय ने कहा कि 27 जून 2026 को कार्य के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए प्रमोद मिंज की अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी पीडि़त परिवार को अब तक कोई ठोस सहायता नहीं मिल सकी है। उन्होंने कहा कि विभाग में लंबे समय से नॉन-टेक्निकल (अनस्किल्ड) मानव दिवस कर्मियों से जोखिमपूर्ण विद्युत कार्य कराए जाने की शिकायतें मिलती रही हैं, जो गंभीर लापरवाही का मामला है। उन्होंने झारखंड ऊर्जा निगम के प्रबंधन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने और भविष्य में सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की। अजय राय ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई तो झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ राज्यव्यापी आंदोलन करेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

