राँची 29 जून (आरएनएस)। प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने आज कांग्रेस नेता गौतम उपाध्याय, संजीत यादव, अभिषेक साहू एवं मेंहुल दूबे के साथ धुर्वा स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस अवसर पर सभी नेताओं ने भगवान जगन्नाथ के शाही स्नान महोत्सव में भाग लिया, आरती की तथा झारखंड की सुख-समृद्धि, अमन-चैन, सामाजिक सौहार्द और निरंतर विकास के लिए प्रार्थना की। आलोक कुमार दूबे ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की परंपरा भारतीय संस्कृति, आस्था और लोककल्याण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शाही स्नान के उपरांत भगवान जगन्नाथ 15 दिनों के लिए एकांतवास में चले जाते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार स्नान के बाद भगवान अस्वस्थ हो जाते हैं और एकांतवास में विश्राम करते हैं। उन्होंने कहा कि इस परंपरा का गहरा आध्यात्मिक संदेश है कि इस संसार में जन्म लेने वाला प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में सुख-दुख, उतार-चढ़ाव और विभिन्न परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। यही जीवन का शाश्वत सत्य है। भगवान जगन्नाथ की यह लीला हमें धैर्य, संयम, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। इस अवसर पर उपस्थित सभी नेताओं ने राज्यवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

