बालाघाट 29 जून (आरएनएस)। जेसीबी और डम्पर जब्त, शासकीय तालाब से हो रहा था अवैध उत्खनन
जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को जिला खनिज अमले ने ग्राम गर्रा, तहसील एवं जिला बालाघाट में छापामार कार्रवाई कर अवैध मुरूम खनन का मामला पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान शासकीय भूमि पर स्थित एक तालाब से जेसीबी मशीन के माध्यम से डम्पर में मुरूम भरकर अवैध रूप से उत्खनन एवं परिवहन किया जा रहा था। खनिज अमले द्वारा मौके पर जांच करने पर संबंधित व्यक्तियों से खनिज उत्खनन एवं परिवहन संबंधी वैधानिक अनुमति एवं आदेश प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके।
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खनिज विभाग ने मौके पर ही जेसीबी मशीन एवं डम्पर को विधिवत जब्त कर लिया। जब्त जेसीबी को कलेक्टर कार्यालय स्थित खनिज शाखा परिसर में सुरक्षित रखा गया है, जबकि डम्पर को ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में निगरानी हेतु सौंपा गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि मामले में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

