राजनांदगांव 29 जून (आरएनएस) पुलिस चौकी तुमडीबोड़ ग्राम सांगिनकछार अपराध दर्ज होने के बाद भी नहीं सुधरा आरोपी, लगातार गाली-गलौच और विवाद से परेशान लोगों की शिकायत पर पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए उसे प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत एसडीएम न्यायालय के सामने पेश कर दिया।
जिले की पुलिस चौकी तुमडीबोड़ ने क्षेत्र की शांति व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक ग्राम सांगिनकछार निवासी प्रदीप चंद्रवंशी (37 वर्ष), पिता स्वर्गीय कवल चंद्रवंशी के खिलाफ पहले से ही अपराध दर्ज था, लेकिन इसके बावजूद वह प्रार्थी पक्ष के साथ लगातार गाली-गलौच और विवाद कर माहौल खराब कर रहा था। पुलिस की समझाइश भी उस पर बेअसर रही।
मामला 9 जून 2026 का है, जब ग्राम सांगिनकछार की काजल साहू ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 245/26 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद भी आरोपी की गतिविधियां नहीं रुकीं और वह आए दिन विवाद कर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा था। पुलिस ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे शांति व्यवस्था अभियान के तहत पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 170/125, 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय एसडीएम न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारगे, प्रधान आरक्षक लोकनाथ वर्मा, आरक्षक चंद्रशेखर यादव सहित चौकी तुमडीबोड़ पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बहरहाल पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अपराध दर्ज होने के बाद भी कानून तोड़ने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ समय रहते कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

