सारंगढ़-बिलाईगढ़ 29 जून (आरएनएस) ऊपर से इमली का वैध माल, नीचे नशे का पूरा जाल। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए 12 टन इमली की बोरियों के नीचे गांजा छिपाया था, लेकिन मुखबिर की एक सटीक सूचना ने पूरा खेल उजागर कर दिया। डोंगरीपाली पुलिस ने हाईवे पर घेराबंदी कर ट्रक रोका तो तलाशी में 94 किलो गांजा बरामद हुआ और दो अंतरराज्यीय तस्कर मौके पर ही पुलिस के शिकंजे में आ गए।
मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना डोंगरीपाली पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा के सोहेला की ओर से एक आयशर ट्रक क्रमांक UP30DT 5256 संदिग्ध हालत में आ रहा था, ग्राम डोंगरीपाली मोड़, सोहेला-बरमकेला मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी की गई। ट्रक को रोककर जब तलाशी ली गई तो करीब 12 टन इमली की बोरियों के नीचे बड़ी चालाकी से छिपाकर रखा गया 94 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 9.40 लाख रुपये बताई गई।
कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक जगत मोदक (52 वर्ष), पिता स्व. शिबू मोदक, निवासी आलर गाड़ियाबस्ती, थाना पुटकी, जिला धनबाद (झारखंड) तथा खलासी सुनील बर्मा (40 वर्ष), पिता स्व. नाथूराम बर्मा, निवासी पटरादेह, थाना एवं जिला नर्मदापुरम (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 लाख रुपये कीमत का आयशर ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए। कुल 24.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 27/26 के तहत धारा 20(B) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय के निर्देश, उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी भगवती प्रसाद कुर्रे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में छोटे लाल सिदार, प्रधान आरक्षक गजानंद पटेल, आरक्षक ओमप्रकाश सिंह, सुदर्शन राणा, गोपी सिदार, किरण यादव सहित थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।

बहरहाल तस्कर भले ही नशे की खेप छिपाने के नए-नए हथकंडे अपनाएं, लेकिन पुलिस की मुखबिर तंत्र और सख्त निगरानी के आगे उनकी हर चाल लगातार बेनकाब हो रही है।

