राजनांदगांव 29 जून (आरएनएस) पुलिस चौकी तुमडीबोड़ जिला सहकारी बैंक से रुपये निकालते ही महिला बन गई शातिर चोरों का निशाना। स्कूटी की डिक्की से 44 हजार रुपये उड़ाकर फरार हुए गिरोह का एक सदस्य आखिरकार पुलिस और साइबर सेल के शिकंजे में आ गया। आरोपी को मध्यप्रदेश के मुलतई से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि उसका साथी अब भी फरार है।
राजनांदगांव जिले की पुलिस चौकी तुमडीबोड़ और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में डिक्की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार, ग्राम दर्राबांधा तेन्दूनाला निवासी रीता वैष्णव ने 2 जून 2026 को जिला सहकारी बैंक तुमडीबोड़ से 44 हजार रुपये निकाले और रकम अपनी स्कूटी की डिक्की में रखकर घर लौट रही थीं। रास्ते में वह छत्तीसगढ़ होटल तुमडीबोड़ में नाश्ता करने रुकीं। इसी दौरान पहले से बैंक के आसपास रेकी कर रहे आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से स्कूटी की डिक्की खोलकर पूरी रकम पार कर दी और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई और पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के मुलतई में दबिश देकर विजय सिंह, पिता आनंदराम नट, उम्र 42 वर्ष, निवासी कण्ड्रजा कांशापारा, विजयनगर, थाना कम्पू, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी जतीन ग्वाला के साथ चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। मामले का दूसरा आरोपी नितिन ग्वाला फरार है, जिसकी तलाश लगातार जारी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार तथा पुलिस चौकी तुमडीबोड़ प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारगे सहित पुलिस टीम के संयुक्त प्रयास से सफल हुई।
बहरहाल, बैंक से बड़ी रकम निकालने के बाद सतर्क रहें, क्योंकि शातिर चोर पहले रेकी करते हैं और छोटी सी लापरवाही आपकी मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकती है।

