सिवनी 29 जून (आरएनएस)। कलेक्टर सिवनी के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति अंतर्गत “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के तहत जिले में लगातार जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में सोमवार, 29 जून 2026 को वन स्टॉप सेंटर एवं गूंज संस्था के संयुक्त तत्वावधान में महारानी लक्ष्मी बाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में माहवारी स्वच्छता एवं प्रबंधन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में गूंज संस्था की अध्यक्ष मनीषा चौहान ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित एवं स्वच्छ सैनिटरी पैड के उपयोग, समय-समय पर पैड बदलने, पोषणयुक्त आहार लेने, संक्रमण से बचाव तथा सैनिटरी अपशिष्ट के सुरक्षित निस्तारण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माहवारी एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है, इसे लेकर किसी भी प्रकार की शर्म या संकोच नहीं होना चाहिए।
वन स्टॉप सेंटर की टीम ने छात्राओं को केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली नि:शुल्क सेवाओं—आपातकालीन सहायता, परामर्श, चिकित्सा सहायता, पुलिस सहायता, विधिक सहायता एवं अस्थायी आश्रय—की जानकारी देते हुए आवश्यकता पडऩे पर केंद्र से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही माहवारी से जुड़े मिथकों को समाप्त करने तथा परिवार और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य आराधना राजपूत, वन स्टॉप सेंटर की केस वर्कर सोनल सक्सेना एवं वर्षा बैस, गूंज संस्था की सदस्य अन्नपूर्णा मालवी, संध्या ठाकुर, मीना ठाकुर सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

