० शासकीय स्कूल की छात्रा हेमलता प्रतिदिन साइकिल से 7 किमी सफर कर छूआ सफलता का शिखर
० मेहनत, समर्पण और कड़ी मेहनत से हासिल किया मुकाम
रायपुर, 30 अप्रैल (आरएनएस)। रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड के ग्राम नहरडीह की होनहार बेटी हेमलता साहू ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य की प्रावीण्य सूची में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने 500 में से 487 अंक, 97.4 प्रतिशत के साथ यह उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
एक साधारण ग्रामीण परिवार से आने वाली हेमलता प्रतिदिन अपने गांव नहरडीह से 7 किलोमीटर दूर स्थित विद्यालय तक साइकिल से आती-जाती थीं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी। नियमित अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या और आत्मविश्वास के बल पर हर चुनौती को पार किया।
हेमलता पढ़ाई के साथ-साथ विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय रही हैं। कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में भी उन्होंने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने हेमलता की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए हेमलता एक मिसाल हैं।
हेमलता की यह सफलता उनके परिवार, गांव नहरडीह, विद्यालय तथा पूरे तिल्दा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

