रायपुर, 30 अप्रैल (आरएनएस)। महिला आरक्षण बिल को लेकर सियासत तेज हो गई है। राजधानी रायपुर में मंगलवार शाम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए मशाल रैली निकाली। इस दौरान सैकड़ों महिला कार्यकर्ता सड़कों पर उतरीं और कांग्रेस के विरोध में नारेबाजी की।
रैली की शुरुआत भाजपा कार्यालय, एकात्म परिसर से हुई, जो डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक तक पहुंची। हाथों में मशाल लिए महिलाओं ने पूरे मार्ग में प्रदर्शन करते हुए महिला अधिकारों के मुद्दे पर अपनी नाराजगी जताई।
भाजपा महिला मोर्चा का आरोप है कि महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस का रुख महिलाओं के हितों के खिलाफ है। उनका कहना है कि कांग्रेस महिलाओं को उच्च सदनों तक पहुंचाने के बजाय उन्हें सीमित दायरे में ही रखना चाहती है।
प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिला आरक्षण बिल का समर्थन न करना महिलाओं के अधिकारों के साथ समझौता है। इसी के विरोध में यह मशाल रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया।
रैली के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। वहीं, मौके पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता नजर आ रहा है, जिससे आने वाले समय में यह मुद्दा और अधिक राजनीतिक गर्माहट पैदा कर सकता है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

