कोलकाता,01 मई (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले कोलकाता में वोटों की कथित हेराफेरी को लेकर बीती रात खूब हंगामा हुआ। इसके बाद कोलकाता पुलिस ने उन 7 क्षेत्रों में लोगों के इक_ा होने पर पाबंदी लगा दी है, जहां वोटों की गिनती होनी है। शहीद खुदीराम बोस रोड, जज कोर्ट रोड, जादवपुर, डायमंड हार्बर रोड, लॉर्ड सिन्हा हॉल, नरेश मित्र सारणी और प्रमथेश बरुआ सारणी में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लगा दी है।
कोलकाता के संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) रूपेश कुमार ने कहा, एक अतिरिक्त आयुक्त और एक पुलिस उपायुक्त की देखरेख में अतिरिक्त सीएपीएफ और सशस्त्र पुलिस बलों को भी तैनात किया गया है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) द्वारा संदिग्ध गतिविधियों के आरोपों को लेकर 2 मतगणना केंद्रों पर हुए हंगामे के बाद यह कदम उठाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि स्ट्रॉन्ग रूम के साथ 4 मई को जहां मतगणना होगी, उन केंद्रों की भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।
पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े टीएमसी के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, मतदान बाद सभी स्ट्रॉन्ग रूम संबंधित उम्मीदवारों/चुनाव एजेंटों और पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में विधिवत सील कर दिए गए थे। आखिरी स्ट्रांग रूम गुरुवार सुबह 5.15 बजे बंद किया गया। खुदीराम अनुशीलन केंद्र में डाक मतपत्रों के लिए एक और स्ट्रॉन्ग रूम है। डाक मतपत्रों को वहां रखा गया है। मतदान अधिकारी उनकी छंटाई कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कल रात सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम पहुंचीं और करीब 4 घंटे अंदर रहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलकर ईवीएम में छेड़छाड़ की है। उन्होंने आगे चेतावनी दी कि ईवीएम में किसी भी तरह की अनियमितता, जैसे कि मतदान मशीनों या मतगणना प्रक्रिया में छेड़छाड़ का सामना जान की बाजी लगाकर किया जाएगा। खुदीराम अनुशीलन केंद्र के बाहर भी टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प हुई।
इस पूरे विवाद की शुरुआत टीएमसी द्वारा जारी किए गए एक वीडियो से हुई थी। टीएमसी का दावा है कि इस वीडियो में चुनाव आयोग के अधिकारी भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बैलेट बॉक्स खोलने की कोशिश कर रहे हैं। टीएमसी का कहना है कि ये वीडियो कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम के पास खुदीराम अनुशीलन केंद्र में बने ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम का है। टीएमसी ने इसे दिनदहाड़े लोकतंत्र की हत्या बताया।
पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि भवानीपुर स्थित स्ट्रांग रूम में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ममता पर किसी भी प्रकार की अनियमित गतिविधि को रोकने के लिए कड़ी नजर रखी जा रही है। सुवेंदु भी आज कोलकाता के सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम में जाने की योजना बना रहे हैं, जहां कल ममता करीब 4 घंटे रही थीं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

