नईदिल्ली, 02 मई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 43वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (75) खेली। यह उनके आईपीएल करियर का 43वां और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 8वां अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 27 गेंदों पर पूरा किया। उनकी पारी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स को मजबूत शुरुआत मिली और वह लक्ष्य हासिल करने में सफल रही। उन्हें इस प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
राहुल और पथुम निसांका (62) की सलामी जोड़ी ने दिल्ली कैपिटल्स को 226 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आक्रामक शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावरप्ले में 70 रन जोड़े और पहले विकेट के लिए 57 गेंदों में 110 रन की साझेदारी निभाई। राहुल ने नितीश राणा (33) के साथ दूसरे विकेट के लिए 61 रन की अहम साझेदारी निभाई। राहुल अपनी पारी में 40 गेंदों में 6 चौके और 5 छक्कों की मदद से 75 रन बनाकर आउट हुए।
आईपीएल 2026 में राहुल का अब तक प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। वह 9 मैच में 54.13 की औसत और 185.83 की स्ट्राइक रेट के साथ 433 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 3 अर्धशतक के अलावा एक शतक भी जड़ा है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 152 रन का रहा है। इस पारी के साथ उन्होंने अब ऑरेंज कैप पर कब्जा जमा लिया है। इस सूची में सनराजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा (425) दूसरे नंबर पर हैं।
राहुल ने अपना पहला मुकाबला साल 2013 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 154 मुकाबले खेले हैं और इसकी 145 पारियों में 46.74 की औसत और 138.88 की स्ट्राइक रेट से 5,655 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 6 शतक और 43 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 152* रन रहा है। वह इस लीग में अब तक 494 चौके और 232 छक्के भी अपने नाम कर चुके हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

