भोपाल,02 मई (आरएनएस)। भोपाल क्राइम ब्रांच ने शनिवार को दो एमडी ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 23.14 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की गई है। जिसकी कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। दोनों आरोपियों कोर्ट पेश कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि एमपी नगर स्थित ब्रिज के नीचे एक युवक एमडी ड्रग बेचने की फिराक में घूम रहा है। खबर लगते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी युवक ने अपना नाम माणिक लाल निवासी गोविंद गार्डन अशोका गार्डन बताया और तलाशी लेने पर पुलिस को उसके पास से करीब 23.14 ग्राम एमडी ड्रग मिली।
पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने यह एमडी मोहम्मद रिहान से खरीदी है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी रिहान खान निवासी पीरगेट को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि अब आरोपियों से पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उनके पास इतनी मात्रा एमडी ड्रग कहां से आई है।

