भोपाल,02 मई (आरएनएस)। पॉलिटेक्निक चौराहा स्थित मानस भवन के पास से जिला प्रशासन की टीम ने आदिवासी बस्ती हटा दी है। पुलिस ने शुक्रवार रात से ही इलाके की घेराबंदी कर दी थी। शनिवार सुबह बैरिकेडिंग कर आवाजाही पूरी तरह बंद करा दी गई। सुबह 7 बजे शुरू की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शाम तक जारी रही।
कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व विधायक पीसी शर्मा, शबिस्ता जकी और आसिफ जकी समेत कई कांग्रेस नेता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। वे धरने पर बैठ गए और कार्रवाई रोकने की मांग करने लगे। इसी दौरान एक युवक टावर पर चढ़ गया, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर सुरक्षित नीचे उतार लिया। जैसे-जैसे विरोध बढ़ा, पुलिस ने स्थिति संभालने के दौरान हल्की धक्का मुक्की की स्थिति बनी। इसके बाद भी प्रदर्शन जारी रहने पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। प्रशासन के अनुसार, इस इलाके में रहने वाले 27 परिवारों को हटाकर भौंरी, कलखेड़ा और मालीखेड़ी क्षेत्रों में बसाया जाएगा। बताया जा रहा है कि यह बस्ती करीब 70 साल पुरानी थी।
जिला प्रशासन 27 झुग्गी बस्तियों में रहने वाले परिवारों को मालीखेड़ी के पक्के मकानों में शिफ्ट किया जा रहा है। ये प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बनाए गए 1 बीएचके फ्लैट हैं।

