भोपाल,02 मई (आरएनएस)। आदमपुर स्थित कचरा खंती में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग की वजह से कई टन कचरा और मशीनें जलने की भी खबर हैं। आग की लपटें 20 से 25 फीट तक ऊपर उठीं, जबकि धुएं के गुबार 10 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दिए। दमकलों ने आग पर काबू पाया।
दोपहर करीब 12:30 बजे आदमपुर कचरा खंती में आग लगी। इसके बाद मौके पर मौजूद व आसपास के फायर स्टेशनों से आई दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया। हालांकि, तेज हवा की वजह से आग तेजी से फैलती गई।
बताया जा रहा है कि डंप के मुख्य द्वार के पास स्थित आरडीएफ के ढेर से अचानक धुआं निकलने लगा। जब आग भड़की, तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने कचरा हटाने की कोशिश की। उसके बाद उन्होंने दमकल कर्मियों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया।
आदमपुर कचरा खंती में हर साल आगजनी की घटना होती है। इस वजह से यहां स्थायी तौर पर दमकलें तैनात की गई हैं, लेकिन आग इतनी भीषण हो जाती है कि उसे समय रहते बुझाया नहीं जा सकता।

