भोपाल,02 मई (आरएनएस)।जिला प्रशासन भोपाल द्वारा शनिवार को श्यामला हिल्स क्षेत्र में मानस भवन के आसपास शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई।न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी (नजूल) शहर वृत्त के प्रकरण क्रमांक 12/अपील/2025-26 के आदेशों के अनुपालन में अनुविभागीय अधिकारी (नजूल) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा ग्राम शहर भोपाल के खसरा क्रमांक-1413/1 (नोईयत शासन मद) के अंश भाग 13 हजार वर्गफीट पर यह अभियान चलाया गया।
उल्लेखनीय है कि अधीनस्थ न्यायालय (नायब तहसीलदार) के प्रकरण क्रमांक 0001/अ-68/ 2025-26 में पारित आदेश दिनांक 25 अगस्त 2025 में यह स्पष्ट हुआ था कि उक्त शासकीय भूमि पर अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा झुग्गी- झोपड़ी, टीनशेड तथा पक्के मकान बनाकर अवैध कब्जा किया गया है। इसके आधार पर म.प्र. भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 248 के तहत बेदखली के आदेश जारी किए गए थे।
कार्रवाई को नगर निगम भोपाल एवं पुलिस प्रशासन के सक्रिय सहयोग से सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। प्रशासन द्वारा मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए बेदखली से पूर्व सभी पात्र परिवारों की आवश्यकताओं का आकलन कर उनका सुव्यवस्थित पुनर्वास सुनिश्चित किया गया। नगर निगम की “हाउसिंग फॉर ऑल” योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत ही आज प्रात: 6:00 बजे से शांतिपूर्ण ढंग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

