नईदिल्ली,02 मई (आरएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सफदरजंग इलाके में शनिवार को एक जज ने अपने घर में फांसी के फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उताकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जज ने ऐसा कदम क्यों उठाया, अभी तक इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट मिलने से भी इनकार किया है। ऐसे में पुलिस अब आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि मृतक जज की पहचान अमन कुमार शर्मा (35) के रूप में हुई है। वह कड़कडड़ूमा कोर्ट में कार्यरत थे और उनका आवास ग्रीन पार्क में था। पुलिस ने बताया कि उन्हें दोपहर 1.45 बजे जज के परिवार के सदस्य ने फोन कर अमन के आत्महत्या करने की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाथरूम से शव को फंदे से उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले को आत्महत्या के तौर पर दर्ज किया है। आत्महत्या के कारण सामने नहीं आए हैं। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीमें भी मौके पर पहुंचीं। पूरे घटनाक्रम का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। घटना के समय घर में मौजूद परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है। अमन की अचानक हुई मौत से शहर के कानूनी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

