बेंगलुरु,03 मई (आरएनएस)। बेंगलुरु की स्टार्टअप गैलेक्सआई ने स्पेस-एक्स के फाल्कन 9 रॉकेट से अपना दृष्टि उपग्रह लॉन्च किया है। दृष्टि को दुनिया का पहला ऑप्टोसार उपग्रह कहा जा रहा है। इसके इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल और सिंथेटिक-एपर्चर रडार सेंसर की बदौलत यह दिन हो या रात, बारिश हो या धूप, स्पष्ट तस्वीरें ले सकता है। यह तकनीक आपदा राहत और बुनियादी ढांचा नियोजन जैसे कार्यों में मदद करने के लिए डिजाइन की गई है, ताकि जरूरत के समय विश्वसनीय तस्वीरें उपलब्ध कराई जा सकें।
दृष्टि उपग्रह एनवीडिया के जेटसन ओरिन प्लेटफॉर्म द्वारा संचालित ऑनबोर्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग करके अंतरिक्ष में ही डाटा का विश्लेषण करता है। यह 1.5-मीटर के रिजॉल्यूशन पर इमेज कैप्चर करता है और पृथ्वी के किसी भी स्थान पर हर 7 से 10 दिनों में पुन: जा सकता है। गैलेक्सआई के पास पहले से ही 20 से अधिक देशों में वितरण समझौते हैं और इसने भारतीय रक्षा और कृषि मंत्रालयों के साथ परियोजना पर चर्चा की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिशन दृष्टि के तहत ऑप्टोसार उपग्रह के सफल प्रक्षेपण की सराहना करते हुए गैलेक्सीआई के संस्थापकों और पूरी टीम को बधाई दी। एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, गैलेक्सआई द्वारा मिशन दृष्टि अंतरिक्ष यात्रा में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने आगे कहा, दुनिया के पहले ऑप्टोसार उपग्रह और भारत में निर्मित सबसे बड़े निजी उपग्रह का सफल प्रक्षेपण हमारे युवाओं के नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति जुनून का प्रमाण है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

