नई दिल्ली,03 मई (आरएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली दौरे पर हैं. जहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से अहम मुलाकात की है. इस दौरे को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. खासकर आगामी चुनाव और राज्य में संभावित संगठनात्मक और प्रशासनिक बदलाव को लेकर भी चर्चा हुई है. बिहार के विकास को लेकर भी सीएम ने कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर चर्चा की है.
मुख्यमंत्री ने दिल्ली दौरे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की. वैसे तो इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रहा है लेकिन चर्चा है कि दोनों नेताओं के बीच कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चा है. किन नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल करना है और किसे कौन सा विभाग दिया जाना है, इस पर बातचीत हुई.
सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. उनके साथ जेडीयू कोटे से दो डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी शपथ ली. इस तरह कैबिनेट में सीएम समेत सिर्फ तीन मंत्री हैं. अब जब बंगाल चुनाव खत्म हो चुका है तो माना जा रहा है कि 4 मई के बाद कभी भी मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है.
बीजेपी के बड़े नेताओं के साथ मिलकर सम्राट चौधरी ने बिहार की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, विकास योजनाओं की प्रगति और संगठनात्मक मजबूती जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. बैठक में राज्य में कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार पर नियंत्रण और प्रशासनिक कसावट को लेकर भी फीडबैक साझा किया.
बताया जा रहा है कि इस दौरान कैबिनेट विस्तार, संगठन में फेरबदल और आगामी रणनीति पर भी मंथन हुए हैं. पार्टी नेतृत्व ने बिहार में सरकार के कामकाज पर संतोष जताते हुए कुछ क्षेत्रों में और तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. राजनीतिक विश्लेषक संजय कुमार कहते हैं कि मुख्यमंत्री का यह दौरा खत्म होने के बाद बिहार लौटने पर आगे की रणनीति और संभावित फैसलों को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

