0 बुलेट के ‘तेज शोरÓ पर भी सख्त एक्शन, बाजारों में मचा हड़कंप
दुर्ग शहर की सड़कों पर ट्रैफिक नियम तोडऩे वालों के लिए अब कोई ढील नहीं बची है और इसी का नतीजा है कि एक ही दिन में 67 वाहनों पर कार्रवाई कर यातायात पुलिस ने साफ संदेश दे दिया कि नो पार्किंग अब महज बोर्ड नहीं, सख्त कानून है। 03 मई 2026 को यातायात पुलिस दुर्ग ने पूरे शहर में विशेष अभियान चलाया और जहां-जहां सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े मिले, वहां तुरंत चालानी कार्रवाई की गई, जिससे शहर की प्रमुख सड़कों पर जाम की समस्या को कम करने की कोशिश की गई। इसी दौरान नियमों से छेड़छाड़ कर तेज आवाज पैदा करने वाले 04 बुलेट वाहनों को भी नहीं बख्शा गया, जिन पर संशोधित साइलेंसर लगाए गए थे, इन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर ध्वनि प्रदूषण पर सीधा प्रहार किया गया।
रात के समय जब बाजारों में भीड़ चरम पर होती है, तब आकाश गंगा मार्केट, दक्षिण गंगोत्री, सुपेला मार्केट और पावर हाउस मार्केट जैसे व्यस्त इलाकों में विशेष निरीक्षण किया गया, जहां सड़क पर फैले अतिक्रमण और अव्यवस्था को तुरंत चिन्हित कर दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए कि दुकान के बाहर रखा सामान और बोर्ड हटाएं, सड़क को खाली रखें और यातायात में बाधा न बनने दें। दोपहिया चालकों को साफ कहा गया कि वाहन केवल सफेद पट्टी के अंदर ही खड़ा करें, वहीं दुकानदारों को अपनी जिम्मेदारी तय करते हुए निगरानी के लिए गार्ड तैनात करने की हिदायत दी गई ताकि व्यवस्था लगातार बनी रहे। पूरी कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस की टीम ने मौके पर ही समझाइश भी दी और यह स्पष्ट कर दिया कि अब नियमित रूप से नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर सख्ती जारी रहेगी। इस अभियान का मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं बल्कि शहर में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था स्थापित करना है, जिससे आम लोगों को राहत मिल सके। बहरहाल, दुर्ग पुलिस ने साफ कर दिया है कि नियम तोडऩे वालों पर अब नजर भी है और कार्रवाई भी तय है—इसलिए बेहतर यही है कि वाहन सही जगह खड़ा करें, वरना अगला चालान आपका हो सकता है।

0

