Ambedkar nagar, 04 May, (Rns) /- उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र स्थित मीरानपुर मुरादाबाद मोहल्ले में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी आमिर को पुलिस ने सोमवार सुबह एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। पुलिस और बदमाश के बीच यह मुठभेड़ बाईपास के पास हुई। मुठभेड़ में पुलिस टीम के दो जवान भी घायल हो गए। मरैला चौकी प्रभारी राजेश यादव और एसओजी में तैनात सिपाही जाकिर हुसैन के बाएं हाथ में गोली लगी है। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह पुलिस को आरोपी आमिर की लोकेशन बाईपास के पास मिली। घेराबंदी करने पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के सीने पर गोली लगी। घायल अवस्था में उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल एसपी प्राची सिंह के अस्पताल पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद पुलिस आधिकारिक बयान जारी करेगी

