पुडुचेरी,04 मई (आरएनएस)। पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव 2026 के परिणाम आ गए हैंं। यहां की थट्टांचवडी विधानसभा सीट से अखिल भारत एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) के प्रमुख और मौजूदा मुख्यमंत्री एन रंगासामी जीत गए हैं। उनको कुल 10,024 वोट मिले हैं। उन्होंने नेयम मक्कल कडग़म (एनएमके) के ई विनायगम को 4,441 वोट से हराया। कांग्रेस के वी वैथिलिंगम 2,990 वोट पाकर चौथे स्थान पर हैं। अभी तक एआईएनआरसी गठबंधन ने 30 में 8 सीट जीत ली है, जबकि कांग्रेस गठबंधन ने 2 जीती है।
थंट्टाचवडी पुडुचेरी के खास औद्योगिक इलाकों में एक है। वर्ष 1974 में अस्तित्व में आई इस सीट से वी पेथापेरुमल पहले विधायक बने थे। वे न केवल कांग्रेस बल्कि जनता पार्टी और जनता दल में रहते हुए 1990 तक लगातार विधायक रहे थे। वर्ष 1991 से 2006 तक एन रंगासामी कांग्रेस से विधायक रहे। 2011 में पहली बार एआईएनआरसी के अशोक आनं ने यहां से खाता खोला था। 2021 से रंगासामी एआईएनआरसी से यहां के विधायक हैं।
एन रंगासामी पुडुचेरी की मजबूत कड़ी माने जाते हैं। 76 वर्षीय रंगासामी लोकप्रिय नेता हैं। उनकी कुल संपत्ति 28 करोड़ रुपये है और उन पर कोई केस दर्ज नहीं है। वे पहले कांग्रेस में थे और 2001 से 2006 तक पॉन्डिचेरी के अंतिम मुख्यमंत्री बने थे। 2006 में जब राज्य का नाम पुडुचेरी किया गया, तब भी वह मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने 2011 में एआईएनआरसी बनाई और 3 महीने बाद ही मुख्यमंत्री बन गए। अब वे चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगे।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

