नई दिल्ली,04 मई (आरएनएस)। दिल्ली सचिवालय का गलियारा सोमवार को एक अलग ही रंग में रंगा नजर आया. आमतौर पर गंभीर फाइलों और नीतिगत चर्चाओं के केंद्र में रहने वाले सचिवालय में आज उत्सव का माहौल था. अवसर था विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिले प्रचंड बहुमत और विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में पार्टी की ऐतिहासिक जीत का. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस शानदार सफलता की खुशी अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ साझा की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों के साथ पारंपरिक बंगाली व्यंजनों, झालमुड़ी और रसगुल्ले का आनंद लिया. सचिवालय के सीएम ऑफिस में आयोजित इस अनौपचारिक मिलन में जीत की मिठास और भविष्य के संकल्पों का अनूठा संगम देखने को मिला.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह जीत केवल आंकड़ों की नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन मॉडल पर जनता की मुहर है. उन्होंने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल के परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा, पश्चिम बंगाल में भाजपा की यह जीत बेहद खास है. यह उस विचारधारा की जीत है जो विकास और राष्ट्रवाद को सर्वोपरि मानती है. वहां के लोगों ने डर और तुष्टिकरण की राजनीति को नकार कर विकास के मार्ग को चुना है.
गौरतलब है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वयं पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार की कमान संभाली थी. उन्होंने कई रैलियों और रोड शो के माध्यम से भाजपा के पक्ष में माहौल बनाया था. जश्न के दौरान उन्होंने उन दिनों को याद करते हुए कहा कि बंगाल की जनता के भीतर बदलाव की जो तड़प उन्होंने प्रचार के दौरान देखी थी, आज वही उत्साह परिणामों के रूप में सामने आया है. उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का प्रतिफल बताया.
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि दिल्ली से लेकर बंगाल तक, जनता अब केवल ठोस काम देखना चाहती है. उन्होंने कहा कि जिस तरह दिल्ली में भाजपा की सरकार सुशासन और जनहित की योजनाओं को धरातल पर उतार रही है, उसी का प्रभाव अन्य राज्यों के चुनावों पर भी पड़ा है. इस झालमुड़ी और रसगुल्ला पार्टी में दिल्ली सरकार के सभी कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. मंत्रियों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर जीत की बधाई दी. चर्चा के दौरान सभी ने इस बात पर सहमति जताई कि आने वाले समय में दिल्ली मॉडल और केंद्र की जन कल्याणकारी योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा ताकि जनता का यह विश्वास अडिग रहे.
इसके साथ ही दिल्ली भाजपा के प्रदेश कार्यालय में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बंगाल में पार्टी की जीत को लेकर मिष्टी दोई खाकर जश्न मनाया. पार्टी के मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल ने प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को मिष्टी दोई खिलाकर जीत की बधाई दी. इसी तरह भाजपा राष्ट्रीय कार्यालय के बाहर भी कार्यकर्ता जश्न मनाते दिखे. कोई कार्यकर्ता झाल मुड़ी बांटकर जश्न मना रहा था तो कोई ढोल नगाड़े की थाप पर थिरकते हुए जश्न मना रहा था.
इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव रोहित चहल ने बंगाल और असम में भाजपा की जीत पर खुशी जताई और मोदी के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया. रोहित चहल ने कहा कि यह जीत दिल्ली भाजपा से लेकर बंगाल चुनाव में लगे हर कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम है. वहीं, भाजपा राष्ट्रीय कार्यालय पर शाम को सात बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं. बैरिकेडिंग के साथ ही ट्रैफिक पुलिस के जवानों को और फायर सर्विस की गाडिय़ों को राष्ट्रीय कार्यालय के बाहर तैनात किया गया है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

