दतिया 4 मई (आरएनएस)। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में आज सोमवार को न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों एवं योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर वानखड़े ने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देते हुए सभी राजस्व अधिकारियों को शीघ्र निराकरण कर प्रगति लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सम्बल योजना के अंतर्गत जनपद एवं नगरीय निकाय स्तर पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पीएम स्वनिधि योजना, लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों एवं 50 दिवस से अधिक लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर वानखड़े ने शासन के निर्देश अनुसार समस्त शासकीय कार्यालयों को दिव्यांगजन एवं वृद्धजन के अनुकूल बनाने के निर्देश सभी जिला अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जिला एवं ग्राम स्तर पर प्रत्येक शासकीय कार्यालय में रैम्प निर्माण कराना सुनिश्चि करें जिससे दिव्यांगजन एवं वृद्धजन की पहुंच शासीकय कार्यालय तक सुगमता से हो सके।
बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर वानखड़े द्वारा जनगणना 2026 के अंतर्गत शत प्रतिशत मकान सूचीकरण कार्य करने वाले प्रगणकों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षय कुमार तेम्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्रृति अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

