भोपाल,27 जून(आरएनएस)। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून, रविवार को 5 साल तक की उम्र के बच्चों को पोलियो दवा का सेवन कराया जाएगा। अभियान के तहत भोपाल के 3 लाख 32 हजार बच्चों को दवा पिलाई जाएगी।
पोलियो दवा सेवन के लिए जिले में 2710 बूथ बनाए गए हैं। आंगनवाड़ी केंद्रों एवं चिह्नित सरकारी और निजी अस्पतालों में ये बूथ बनाए गए हैं। इसके साथ ही शॉपिंग मॉल्स और बाजारों में भी दवा पिलाने के लिए टीम तैनात की गई हैं।
जिले से बाहर जाने वाले एवं जिले में आने वाले 5 साल तक के प्रत्येक बच्चे को दवा पिलाने के लिए एयरपोर्ट, रेल्वे स्टेशन, बस स्टेण्ड इत्यादि स्थानों पर ट्रांजिट बूथ बनाए गये है। हाईरिस्क क्षेत्रों जैसे- ईंट भट्टे, क्रेशर, निर्माण स्थल, घुमक्कड़ आबादी में मोबाईल टीम तैनात की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ.मनीष शर्मा ने बताया कि भारत के पड़ोसी देशों में पोलियो के केस अभी भी आ रहे हैं, इसलिए 5 साल तक के बच्चों को दवा सेवन कराना ज़रूरी है। डॉ. शर्मा ने परिजनों से आग्रह किया कि अभियान के पहले दिन बच्चों को बूथ पर लाकर दवा पिलायें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

