रायपुर/महासमुंद 27 जून (आरएनएस) खेती के मौसम में किसानों तक सही और मानक गुणवत्ता का उर्वरक पहुंचे, इसके लिए कृषि विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में महासमुंद जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विभाग ने उड़ीसा प्रिंट वाले पीआरओएम (PROM) उर्वरक की 11 बोरियां जब्त कर लीं। विभाग का कहना है कि उर्वरकों की बिक्री और भंडारण में किसी भी तरह की अनियमितता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने बागबाहरा विकासखंड के ग्राम घोयनाबाहरा स्थित वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में सालेपाली, पाइकमाल, जिला बरगढ़ (उड़ीसा) प्रिंट वाली पीआरओएम उर्वरक की 11 बोरियां, लगभग 550 किलोग्राम मात्रा में मिलीं। नियमों के तहत पूरी खेप को मौके पर ही जब्त कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से राज्यभर में उर्वरक विक्रय केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि खरीफ सीजन के बीच कृषि विभाग ने साफ संदेश दे दिया है— किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों पर अब कार्रवाई तय है और राज्यभर में निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।

