दतिया,27 जून(आरएनएस)। जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने तथा प्रत्येक पांच वर्ष तक के बच्चे को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के निर्देशन में किया गया। अभियान के शुभारंभ अवसर पर विधायक सेंवढ़ा प्रदीप अग्रवाल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.के. वर्मा एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. डी.के. सोनी की उपस्थिति में जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जनजागरूकता रैली के माध्यम से आमजन से अपील की गई कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं तथा अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
विधायक प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक परिवार की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वास्थ्य विभाग के इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा अपने आसपास के परिवारों को भी बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.के. वर्मा ने बताया कि जिले में पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। अभियान के तहत जिलेभर में कुल 1050 टीमें गठित की गई हैं, जिनमें लगभग 2100 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की तैनाती की गई है। इन टीमों के कार्यों की निगरानी एवं प्रभावी संचालन के लिए 110 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। सभी टीमें निर्धारित माइक्रोप्लान के अनुसार घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का कार्य करेंगी।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. डी.के. सोनी ने बताया कि घर-घर भ्रमण के अतिरिक्त विशेष मोबाइल टीमें भी गठित की गई हैं। ये टीमें जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, जिनमें पीताम्बरा मंदिर, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थान शामिल हैं, पर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की, कि यदि कोई टीम उनके घर पहुंचे तो वे अपने बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं। पोलियो की प्रत्येक अतिरिक्त खुराक बच्चों के स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित एवं लाभकारी है। इसलिए सभी अभिभावक यह सुनिश्चित करें कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे।

