बर्लिन,05 मई। जर्मनी में सैक्सोनी राज्य के शहर लीपजिग में सोमवार को बड़ा हादसा हुआ। यहां एक कार भीड़भाड़ वाले बाजार में घुसी और लोगों को टक्कर मारते हुए निकल गई। घटना में कम से कम 2 लोगों की मौत हुई है, जबकि 22 लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लीपजिग के दमकल विभाग के प्रमुख एक्सल शू ने बताया कि यह इलाका खरीदारी क्षेत्र होने की वजह से काफी व्यस्त और भीड़भाड़ वाला है।
लीपजिग के मेयर बुरखार्ड जंग ने बताया कि यह जानबूझकर किया गया हिंसक हमला था। उन्होंने इसे एक भयानक त्रासदी बताया है। मेयर ने बताया कि संदिग्ध की पहचान 33 वर्षीय जर्मन नागरिक के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। अभी तक अपराध के मकसद के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है पुलिस ने पुष्टि की है कि एक कार ने ग्रिमाइशे स्ट्रासे इलाके में भी कई लोगों को टक्कर मारी थी।
सैक्सोनी राज्य के प्रमुख माइकल क्रेट्स्मर ने बताया कि संदिग्ध पहले मानसिक बीमारी से पीडि़त था। वह काफी तेज गति से कार चला रहा था। मृतकों में एक 63 वर्षीय महिला और एक 77 वर्षीय पुरुष शामिल थे, दोनों जर्मन नागरिक थे। घायलों में करीब 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके स्वास्थ्य की जांच भी कराई जा रही है। बता दें, घटना के बाद पूरे इलाके में नाकाबंदी की गई थी।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

