बीजिंग, 05 मई। चीन के हुनान प्रांत में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां के लियुयांग शहर में स्थित हुआशेंग आतिशबाजी संयंत्र में भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें 26 लोग मारे गए हैं। घटना के बाद संयंत्र के 3 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। अभी करीब 61 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटनास्थल पर अधिकारियों ने 1,500 से अधिक आपातकालीन बचाव कर्मियों, कुत्तों, ड्रोन और रोबोटों को तैनात किया है।
अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के बाद फैक्ट्री के उड़ते मलबे से कई लोगों को गंभीर चोट आई है और हड्डियां तक टूट गई हैं। घायलों की उम्र 20 से 60 वर्ष के बीच है।
सूत्रों ने बताया कि विस्फोट का असर कारखाने से लगभग 1 किलोमीटर दूर रहने वाले निवासियों के घरों तक पड़ा है। कुछ घरों की कांच की खिड़कियां और कुछ घरों में एल्युमिनियम के खिड़की के फ्रेम टेढ़े-मेढ़े हो गए।
विस्फोट के कई लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी संख्या का खुलासा नहीं हुआ। कुछ रिपोर्ट में इनकी संख्या 7 बताई जा रही है। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लापता लोगों की तलाश और घायलों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास का आग्रह किया। उन्होंने अधिकारियों से मामले की शीघ्र जांच करने, दोषियों को कड़ी जवाबदेही के दायरे में लाने और उद्योगों में प्रभावी जोखिम को कम करने के लिए सार्वजनिक सुरक्षा प्रबंधन मजबूत करने को कहा है।
लियुयांग शहर आतिशबाजी के निर्माण के लिए जाना जाता है। इसे दुनिया का सबसे बड़ा आतिशबाजी उत्पादक बताया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, लियुयांग चीन के आतिशबाजी निर्यात का लगभग 70 प्रतिशत उत्पादन करता है और देश के घरेलू बाजार का 60 प्रतिशत हिस्सा रखता है। इससे पहले लियुयांग में 2019 में आतिशबाजी कारखाने में हुए विस्फोट में 13 लोग मारे गए थे और 17 लोग घायल हुए थे।
००

