बलरामपुर, 05 मई(आरएनएस)।जिले में फर्जी दस्तावेजों के जरिए शासकीय सेवा हासिल करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने वाड्रफनगर विकासखंड के ग्राम कोल्हुआ स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक लालमन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पर नाम बदलकर और फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के आधार पर विभाग को गुमराह कर नौकरी प्राप्त करने का आरोप है। इस पूरे मामले का खुलासा ग्राम कुशफर निवासी सत्यनारायण की शिकायत से हुआ, जिन्होंने 11 अप्रैल 2025 को कलेक्टर के समक्ष साक्ष्यों सहित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया था कि ग्राम पंचायत कुशफर के सरपंच लालमन सिंह और शिक्षा विभाग में पदस्थ प्रधान पाठक लालमन सिंह, दोनों एक ही पिता के नाम का उपयोग कर रहे हैं। आरोप था कि जालसाजी करते हुए एक व्यक्ति ने सरपंच पद हासिल किया, जबकि दूसरे ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे सरकारी नौकरी प्राप्त कर ली।
कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा गठित जांच टीम ने मामले की जांच की, जिसमें शिकायत सही पाई गई। जांच रिपोर्ट के अनुसार, कोल्हुआ में पदस्थ प्रधान पाठक लालमन सिंह (पिता/पालक रामवृक्ष) का वास्तविक नाम रामदुलार है और उनके असली पिता का नाम जीतू है। उन्होंने असली लालमन सिंह के नाम और दस्तावेजों का दुरुपयोग कर शासकीय सेवा हासिल की थी।
जांच में आरोप सिद्ध होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने आरोपी प्रधान पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई जारी है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

