अंबिकापुर,05 मई (आरएनएस) सरगुजा जिले के मेंड्राकला क्षेत्र स्थित खर्रा नदी में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने गए तीन युवकों में से दो की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
मिली जानकारी के अनुसार, मायापुर (चांदनी चौक) निवासी अमन कुमार (19 वर्ष) और उज्जवल दीप भराती (17 वर्ष) अपने साथी समर्थ सोनी (17 वर्ष) निवासी जरहागढ़ के साथ खर्रा नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
हादसे में अमन कुमार और उज्जवल दीप भराती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, समर्थ सोनी को गंभीर हालत में बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका आईसीयू में इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र का तरणताल बंद होने के कारण तीनों युवक नदी में नहाने पहुंचे थे। घटना दोपहर करीब एक बजे की है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर खर्रा नदी में यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले भी इसी स्थान पर मामा-भांजी की डूबने से मौत हो चुकी है, जिससे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बरामद कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

