दुर्ग, 05 मई (आरएनएस)। जिले में दूसरे व्यक्ति के नाम पर सिम कार्ड लेकर अवैध आर्थिक लेन-देन करने का मामला सामने आया है। नेवई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
मामले की शुरुआत तब हुई जब प्रार्थी आयुष ताम्रकार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उसके नाम से टी. भार्गव राव ने मोबाइल दुकान से सिम कार्ड जारी कराया और उसे कमीशन के आधार पर अपने साथियों को सौंप दिया। इसके बाद उसी सिम का इस्तेमाल कर संगठित तरीके से अवैध लेन-देन किया जा रहा था।
शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी टी. भार्गव राव समेत उसके तीन साथियों—ज्ञानेश मंडावी, हर्षित साहू और दीपक प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस मामले में एक अन्य आरोपी फैजान कुरैशी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस उनके बैंक खातों और लेन-देन की गहन जांच कर रही है, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

