दतिया।(आरएनएस)। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के मार्गदर्शन में जनगणना 2026 के अंतर्गत मतदान सूचीकरण का कार्य निरंतर गति से जारी है। इस अभियान के तहत दतिया जिले में मकान सूचीकरण की प्रक्रिया सक्रिय रूप से संचालित की जा रही है।
जिले के समस्त तहसीलदारों द्वारा विभिन्न ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्रों का दौरा कर प्रगणकों द्वारा किए जा रहे मकान सूचीकरण कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए, ताकि सूचीकरण कार्य समयबद्ध एवं त्रुटिरहित तरीके से पूर्ण किया जा सके।
कलेक्टर वानखड़े ने निर्देश दिए हैं कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी प्रगणक निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य सुनिश्चित करें। प्रशासन द्वारा इस अभियान की सतत निगरानी की जा रही है, जिससे जिले में जनगणना 2026 की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूर्ण हो सके।

