दतिया 5 मई (आरएनएस)। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा 07 मई से प्रारंभ होने वाली हाईस्कूल/हायर सेकण्डरी द्वितीय परीक्षा की प्रारंभिक तैयारियों एवं परीक्षाओं के दौरान रखी जाने वाली सावधानियों संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश के संबध में आज मंगलवार को कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षय कुमार तेम्रवाल सहित द्वितीय परीक्षा हेतु जिले में निर्धारित कुल-12 परीक्षा केन्द्रों पर नियुक्त केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया कि मुख्य परीक्षाओं के समान ही पूर्ण गोपनीयता, संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ उक्त परीक्षायें भी आयोजित करानी होगी। समस्त परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी क्रियाशील अवस्था में संचालित होने चाहिये। केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होना चाहिये, कोई भी अनाधिकृत बाहरी व्यक्ति परीक्षा परिसर में प्रवेश न करे। परीक्षा केन्द्रों पर कलेक्टर प्रतिनिधि के अतिरिक्त अन्य कोई भी व्यक्ति मोबाईल प्रयोग नहीं करेगा। विद्यार्थियों द्वारा कोई भी इलैक्ट्रॉनिक गजट/घड़ी इत्यादि का उपयोग नहीं किया जायेगा। केन्द्रों पर पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध होनी चाहिये साथ ही समस्त केन्द्रों पर प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध होनी चाहिये, एवं निकटस्थ स्वास्थ्य विभाग की टीम भी आकस्मिक परिस्थितियों हेतु तैयार रहे। निर्धारित समय के पश्चात विद्यार्थियों का केन्द्र पर प्रवेश नहीं होगा। यदि किसी भी परीक्षा केन्द्र पर कलेक्टर प्रतिनिधि परीक्षा दिनांक को उपस्थित नहीं होते हैं, तो इसकी सूचना तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को दी जाए।

