0-रायपुर के पंडरी-मोवा क्षेत्र में सनसनी, आरोपी जीजा गिरफ्तार
रायपुर,06 मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के पंडरी-मोवा क्षेत्र में सोमवार रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक जीजा ने अपनी दो सालीयों पर लायसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना पंडरी में प्रार्थिया सावित्री वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी पुत्री ज्योति वर्मा उर्फ खिलेश्वरी का विवाह वर्ष 2020 में मोवा निवासी जितेन्द्र कुमार वर्मा से हुआ था। दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के चलते ज्योति पिछले 20-25 दिनों से अपनी मां के घर पंडरी में रह रही थी। दोनों की डेढ़ वर्षीय बेटी छाया वर्मा भी मां के साथ थी।
रात में घर पहुंचा आरोपी, फिर हुआ खूनी विवाद
घटना 5 मई 2026 की रात लगभग 10:30 बजे की है। आरोपी जितेन्द्र वर्मा अपनी पत्नी और बच्ची से मिलने के लिए ससुराल पहुंचा। उसने बच्ची से वीडियो कॉल पर बात कराने की जिद की। इस दौरान घर में मौजूद प्रार्थिया और उनकी दूसरी बेटी गीतांजली वर्मा उर्फ जया ने उसे सुबह आने की बात कही और बताया कि ज्योति का मोबाइल बंद है।
बताया जा रहा है कि इसी बात पर आरोपी भड़क गया। उसने अपनी पैंट की जेब से लायसेंसी पिस्टल और गोलियां निकाल लीं। गुस्से में आरोपी ने पहले गीतांजली वर्मा को जान से मारने की धमकी दी और उस पर दो गोलियां चला दीं। गोली लगते ही गीतांजली जमीन पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई।
छोटी बहन को भी मारी गोली
घटना के दौरान शोर सुनकर घर की छत पर मौजूद छोटी बेटी दुर्गेश्वरी वर्मा नीचे आई। आरोपी ने उसे दरवाजे के पास देखते ही उस पर भी गोली चला दी। गोली लगने से वह भी गंभीर रूप से घायल होकर गिर गई।
परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायल बहनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, एसीपी पूर्णिमा लामा, थाना प्रभारी पंडरी निरीक्षक एस.एन. सिंह एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और आरोपी की तलाश शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेन्द्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पिस्टल और कारतूस जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लायसेंसी पिस्टल एवं जिंदा कारतूस बरामद कर जब्त कर लिया है।
आरोपी के खिलाफ थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 119/26 के तहत धारा 109, 103 बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

