भोपाल 6 मई (आरएनएस)। एम्स के सामने तीन मंजिला बिल्डिंग का बुधवार को अवैध हिस्सा तोड़ दिया गया। करीब 35 साल पुरानी इस बिल्डिंग में अतिरिक्त निर्माण हो रहा था। 27 मार्च को छज्जा गिरने से 8 लोग घायल हो गए थे। नोटिस देने के बाद नगर निगम ने बुधवार को यह कार्रवाई की।
एम्स गेट-3 के सामने स्थित इस बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर पर मेडिकल है, जबकि ऊपरी हिस्से में पैथोलॉजी समेत अन्य व्यवसायिक गतिविधियां हो रही हैं। इसी बिल्डिंग में अवैध तरीके से निर्माण हो रहा था। हादसे के बाद निगम जिम्मेदार जागे थे और परमिशन को कैंसिल कर दिया था। इसके बाद बुधवार को अतिरिक्त हिस्से को जमींदोज करने की कार्रवाई की गई।
अवैध निर्माण को रोकने के लिए दिए थे नोटिस इस बिल्डिंग में हो रहे अवैध निर्माण को लेकर नगर निगम ने जनवरी 2026 और 13 मार्च 2026 को दो बार नोटिस दिए थे, लेकिन काम जारी रहा। 27 मार्च की सुबह अचानक बिल्डिंग का छज्जा गिर गया था। इससे नीचे खड़े लोग और वाहन इसकी चपेट में आ गए थे। मनोज कुमार (56), नंदनी (23), अभय (52), तनुश्री (17) और सोम प्रकाश (61) सहित कुल 8 लोग घायल हुए थे। इनमें से नंदनी गंभीर रूप से घायल हुई थी। मलबे में कुछ मोटरसाइकिलें भी दब गई थीं।

