भोपाल 6 मई (आरएनएस)। निशातपुरा इलाके में 25 लाख रुपए में डुप्लेक्स बनाकर देने के नाम पर 14 लोगों को ठगने का मामला सामने आया है। सभी से 25-25 लाख रुपए लेकर हड़पे गए हैं। वारदात को तीन आरोपियों ने अंजाम दिया है। जांच के बाद पुलिस ने बुधवार को इस मामले में एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जग प्रकाश ममतानी, दीपक और अशोक गोयल ने द्वारिका धाम के सामने एक कॉलोनी का निर्माण किया था। इनकी कंस्ट्रक्शन कंपनी का नाम नीहो था, जबकि उनके प्रोजेक्ट का नाम स्कॉटिश गार्डन था। इस कॉलोनी में दो सैम्पल हाउस बनाकर लोगों को दिखाए थे। डुप्लेक्स की कीमत करीब 25 लाख रुपए रखी गई थी। सैम्पल हाउस दिखाकर लोगों को प्रोजेक्ट बेचा जा रहा था।
तीनों आरोपियों ने 14 लोगों से प्रोजेक्ट में डुप्लेक्स बेचने के नाम पर करोड़ों रुपए ले लिए थे, लेकिन उन्हें डुप्लेक्स नहीं दिए। इतना ही नहीं बाद में आरोपी प्रोजेक्ट से गायब हो गए। जबकि आरोपियों ने रेरा रजिस्ट्रेशन कराकर कॉलोनी का निर्माण किया था। आरोपी जगप्रकाश ममतानी गुजरात का रहने वाला और दीपक दिल्ली का। इनका तीसरा प्रार्टनर अशोक गोयल भोपाल का रहने वाला है और पुराना भू माफिया है।
रकम हड़पने के बाद से तीनों आरोपी फरार हैं, और लोगों के फोन उठाना भी बंद कर दिए हैं। इससे परेशान होकर सर्वेश दायदा समेत अन्य लोगों ने थाना में लिखित में शिकायत की थी। जिसकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज किया। फिलहाल पुलिस ने फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।
मिसरोद पुलिस ने बताया कि 58 वर्षीय मनीष सक्सेना कोतवाली में रहते हैं। उनका गणेश नगर में एक प्लॉट है। इस प्लॉट को उन्होंने किफायत अली से खरीदा था। जिसके पूरे दस्तावेज भी उनके पास मौजूद हैं, लेकिन आरोपी प्रताप सिंह पवार, अनुज सक्सेना, प्रमोद श्रीवास्वत और एक अन्य महिला ने फर्जी मुख्यिारनामा तैयार कर प्लॉट की रजिस्ट्री करा ली थी। इस मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज किया। हालांकि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

