जबलपुर 6 मई (आरएनएस)। बीएसएफ के रिटायर्ड 69 वर्षीय शिवकुमार श्रीवास्तव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में उन्होंने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपने और थाना प्रभारी से किसी को परेशान नहीं करने का अनुरोध किया।
घटना कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम कूडऩ की है। बुधवार सुबह शिवकुमार का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही कटंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी पूजा उपाध्याय ने टीम के साथ शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
पुलिस को मौके से सुसाइड नोट और मोबाइल फोन में एक महिला का ऑडियो मिला है। इन्हें जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
शिवकुमार मूलत: भेड़ाघाट के रहने वाले थे। करीब दो साल पहले वह परिवार के साथ कूडऩ गांव में रहने आए थे। परिवार में बेटा और बहू हैं।
उन्होंने लंबे समय तक बीएसएफ में सेवा दी और देश के अलग-अलग राज्यों में पदस्थ रहे। सेवानिवृत्ति के बाद वह जबलपुर में रहने लगे थे।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। शिवकुमार के मोबाइल फोन में एक महिला का ऑडियो मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।

