नर्मदापुरम 6 मई (आरएनएस)। पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ आरोपी 30 घंटे बाद फिर से पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी प्रशांत बाईया को बुधवार को फेफरताल स्थित उसके घर के आसपास घूमते हुए गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, प्रशांत बाईया (23) और उसका साथी महेंद्र उर्फ डेनी मेहरा (30) को 4 अप्रैल 2026 को इटारसी मेन रोड स्थित पवारखेड़ा के श्री ठाकुर जी मंदिर में चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। सोमवार रात करीब 2 बजे पुलिस दोनों को मेडिकल के लिए ले जा रही थी, तभी उन्होंने हथकड़ी से हाथ निकाल लिए और टैक्सी स्टैंड के पास चलती गाड़ी से कूदकर भागने लगे।
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने महेंद्र मेहरा को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि प्रशांत बाईया फरार हो गया था। देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि आरोपी प्रशांत को अब गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने श्री ठाकुर जी मंदिर से अष्टधातु की वर्षों पुरानी राधा-कृष्ण की मूर्ति, लड्डू गोपाल की पीतल की मूर्ति, गरुड़ घंटी, पीतल का पंचमुखी दीपक और दान पेटी चोरी की थी। दान पेटी को नहर किनारे झाडिय़ों में छिपा दिया गया था, जबकि बाकी सामान को तालाब किनारे आग जलाकर गलाया गया।
गलाए गए सामान को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर कबाड़ी को 15,400 रुपये में बेचा गया, जिसे दोनों आरोपियों ने आपस में बांट लिया। इसके अलावा दान पेटी से मिले 4,200 रुपये महेंद्र मेहरा और 6,000 रुपये प्रशांत बाईया ने अपने पास रखे थे, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

