रामानुजगंज/रामचंद्रपुर, 07 मई (आरएनएस)। रामानुजगंज रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पचवाल स्थित पांगन नदी के महुआ घाट में कथित रूप से पोकलेन मशीन लगाकर अवैध रेत उत्खनन किए जाने का मामला सामने आया है। लगातार हो रहे उत्खनन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर दिन-रात नदी से रेत निकाली जा रही है, जिससे नदी का स्वरूप बिगड़ रहा है और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि भारी मशीनों के उपयोग से नदी के किनारों का कटाव बढ़ गया है तथा आसपास के क्षेत्रों में जलस्तर प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि अवैध उत्खनन के कारण ग्रामीण मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मामले की जांच कर अवैध उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
इस संबंध में खनिज विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों से कार्रवाई की मांग उठने लगी है। वहीं क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
0

