दुर्ग, 07 मई (आरएनएस)। दुर्ग ब्लॉक के चर्चित ग्राम पंचायत समोदा के सरपंच अरुण गौतम को पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई दुर्ग एसडीएम द्वारा छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम की धारा 122 के तहत की गई। बताया जा रहा है कि हाई कोर्ट के निर्देश के बाद प्रशासन ने यह बड़ा फैसला लिया।
जानकारी के मुताबिक, पंचायत चुनाव के दौरान अरुण गौतम ने अपने नामांकन शपथ पत्र में आपराधिक मामलों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की थी। आरोप है कि उन्होंने जानबूझकर अपनी आपराधिक पृष्ठभूमि छिपाई, जबकि उनका नाम जेवरा सिरसा चौकी में निगरानीशुदा बदमाशों की सूची में दर्ज है।
अरुण गौतम का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। क्षेत्र में दबंगई, अतिक्रमण और अन्य मामलों को लेकर उनके खिलाफ शिकायतें दर्ज होने की बात कही जा रही है। इसके अलावा उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ था, जिसके बाद मामला और चर्चाओं में आ गया था।गौरतलब है कि ग्राम समोदा पहले भी अफीम की खेती के मामले को लेकर प्रदेशभर में सुर्खियों में रह चुका है। अब सरपंच की बर्खास्तगी के बाद एक बार फिर यह गांव चर्चा का केंद्र बन गया है।
एसडीएम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पंचायत में नए सरपंच के चुनाव के लिए उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद गांव की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
0

