वाशिंगटन/तेहरान,07 मई। अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर एक अहम सहमति बनने की खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को धीरे-धीरे खत्म करने और समुद्री यातायात को दोबारा शुरू करने के लिए एक समझौते पर पहुंच गए हैं। सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है। अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से ही होर्मुज जलडमरूमध्य बंद है, जिससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति बाधित हुई है।
सूत्रों ने बताया, होर्मुज जलडमरूमध्य को धीरे-धीरे फिर से खोलने के बदले में अमेरिकी नाकाबंदी में ढील देने के संबंध में समझौते हो गए हैं। आने वाले घंटों में जलडमरूमध्य में फंसे जहाजों को मुक्त कर दिया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले कुछ घंटों में होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे जहाजों की स्थिति में संभावित रूप से कोई अहम प्रगति होने की संभावना है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि युद्ध जल्द खत्म होगा। उन्होंने कहा, जब आप देखेंगे कि क्या हो रहा है, तो समझेंगे कि हम बहुत अहम वजह से ऐसा कर रहे हैं। हम उन्हें परमाणु हथियार नहीं दे सकते। ज्यादातर लोग जानते हैं कि हम सही कर रहे हैं और यह बहुत जल्दी खत्म होगा। वहीं, एक सूत्र के हवाले से कहा कि अमेरिका और ईरान युद्ध खत्म करने के लिए समझौते की ओर बढ़ रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान आज अमेरिका के प्रस्ताव पर अपना जवाब दे सकता है। यह प्रस्ताव पाकिस्तान के जरिए दिया जाएगा। हाल ही में ईरान ने अमेरिका द्वारा प्रस्तावित 14-सूत्रीय समझौते की समीक्षा करने की बात कही थी।
रिपोर्ट के अनुसार, समझौते के ईरान द्वारा परमाणु संवर्धन गतिविधियों को रोकने पर सहमति शामिल है। इसके बदले में अमेरिका प्रतिबंधों में ढील देगा और ईरान की अरबों डॉलर के फ्रीज फंड को जारी करने में मदद करेगा।
सूत्रों ने बताया कि ईरान होर्मुज में फंसे जहाजों की मदद कर रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान के पोर्ट्स एंड मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन ने होर्मुज और आसपास मौजूद सभी जहाजों के कप्तानों को एक औपचारिक सूचना जारी की है। इसके तहत भोजन, ईंधन, चिकित्सा सेवाएं और मरम्मत के लिए जरूरी सामान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जहाज मदद के लिए निकटतम ईरानी बंदरगाह के ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर सकते हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

