ऋषिकेश,07 मई (आरएनएस)। स्वस्थ शरीर और शांत मन के लिए योग को सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय आरोग्य मंदिर में प्रतिदिन निशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। योग अनुदेशक श्रीधर शर्मा की निगरानी सुबह आयोजित होने वाले इस योग सत्र में बड़ी संख्या में लोग उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। योग शिविर में लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं स्वास्थ्यवर्धक क्रियाओं का अभ्यास कराया जा रहा है। योग अनुदेशक श्रीधर शर्मा ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की कला है। नियमित योग करने से शरीर रोगमुक्त और मन सकारात्मक रहता है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग बेहद आवश्यक हो गया है। योग के माध्यम से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, तनाव, मोटापा समेत कई बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। आरोग्य मंदिर में चल रहे इस निशुल्क योग शिविर से क्षेत्र के बुजुर्ग, महिलाएं और युवा विशेष रूप से लाभान्वित हो रहे हैं। शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर निरोगी समाज की स्थापना करना है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

