कोटद्वार,07 मई (आरएनएस)। पौड़ी नेशनल हाईवे (एनएच-534) पर कोटद्वार व दुगड्डा के बीच वर्ष 2023 में आई आपदा के बाद बने 11 डेंजर जोन के ट्रीटमेंट के लिए केंद्र सरकार ने 69 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। एनएच खंड धुमाकोट ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रीटमेंट का काम शुरू किया जाएगा।
वर्ष 2023 अगस्त में आई आपदा के दौरान पौड़ी हाईवे को कोटद्वार और दुगड्डा के बीच भारी क्षति पहुंची थी। कई जगहों पर पहाड़ी दरकने से नए स्लाइडिंग जोन बन गए। कई जगहों पर पहाड़ी पर बड़े-बड़े बोल्डर फंसे हैं जिनके गिरने से हादसों की आशंका बनी हुई है। लैंसडौन स्थित गढ़वाल राइफल रेजीमेंटल सेंटर का प्रमुख आवागमन का मार्ग होने के कारण भी यह मार्ग सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसे देखते हुए एनएच प्रशासन ने हाईवे की रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी गई थी। केंद्र सरकार ने स्लाइडिंग जोन के ट्रीटमेंट के लिए सर्वे का जिम्मा टीएचडीसी को सौंपा था। टीएचडीसी के इंजीनियरों ने मार्च, 2024 में डेंजर जोन का सर्वे करने के बाद 11 डेंजर जोन के ट्रीटमेंट के 89 करोड़ की 11 डीपीआर तैयार कर एनएच प्रशासन को सौंपी थी। परीक्षण के बाद एनएच प्रशासन ने ये डीपीआर स्वीकृति के लिए भारत सरकार को भेजी थी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार केंद्र सरकार से धनराशि स्वीकृत होने के बाद एनएच प्रशासन की ओर से डेंजर जोन के ट्रीटमेंट के लिए टेंडर निकाले गए हैं। टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ट्रीटमेंट का कार्य शुरू हो जाएगा।
केंद्र सरकार की ओर से पौड़ी हाईवे पर कोटद्वार व दुगड्डा के बीच 11 डेंजर जोन के ट्रीटमेंट के लिए 69 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। वर्तमान में टेंडर की प्रक्रिया गतिमान है। – आशीष सैनी, जेई एनएच खंड लोनिवि धुमाकोट।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

