तिरूवनंतपुरम,08 मई (आरएनएस)। केरलम में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) को बहुमत मिलने के बाद अब मुख्यमंत्री चयन को लेकर हलचल तेज हो गई है। अहम दावेदारों में एआईसीसी संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और विपक्ष के नेता वीडी सतीशन सबसे आगे चल रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री चयन यहां आलाकमान के लिए चुनौती बन गया है। बीते दिन एआईसीसी पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक ने विधायकों के साथ बैठक की थी।
सूत्रों के हवाले से बताया कि बीते दिन हुई बैठक में माकन और वासनिक के सामने 43 नव निर्वाचित कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री पद के लिए केसी वेणुगोपाल का समर्थन किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ विधायकों ने अपनी पसंद नहीं बताई और ऐसा माना जा रहा है कि उन्होंने पर्यवेक्षकों को यह संकेत दिया है कि वे आलाकमान का जो भी फैसला होगा, उसे स्वीकार कर लेंगे।
वहीं, कांग्रेस की अहम सहयोगी और यूडीएफ में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने कथित तौर पर मुख्यमंत्री पद के लिए वीडी सतीशन का समर्थन किया है। आईयूएमएल नेताओं ने पर्यवेक्षकों को यह भी बताया कि उपचुनाव की आवश्यकता से बचने के लिए किसी मौजूदा विधायक को ही मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। बता दें कि आईयूएमएल के पास 22 विधायक हैं और वो राज्य में तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है।
तिरुवनंतपुरम में पार्टी मुख्यालय में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में एक पंक्ति का प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े को विधायक दल के नेता के चयन पर अंतिम निर्णय लेने का अधिकार दिया गया। इसके बाद माकन और वासनिक ने हर विधायक के साथ व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। इसके बाद दोनों आईयूएमएल, केरल कांग्रेस गुटों और आरएसपी सहित यूडीएफ के प्रमुख सहयोगी पार्टी के नेताओं से भी मिले।
वेणुगोपाल और सतीशन के अलावा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हैं। नतीजों के बाद वेणुगोपाल के समर्थकों ने पार्टी मुख्यालय के बाहर और अन्य हिस्सों में बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाए हैं, जबकि सतीशन के समर्थकों ने उन्हें अगला मुख्यमंत्री चुने जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किए हैं। ऐसे में नेतृत्व के लिए किसी एक का चयन करना चुनौती है। दोनों पर्यवेक्षक दिल्ली पहुंचकर खडग़े को रिपोर्ट सौपेंगे।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

