बलौदाबाज़ार,09 मई (आरएनएस)। एक व्हाट्सएप सूचना ने अवैध शराब बेचने वाले को सीधे पुलिस की गिरफ्त तक पहुंचा दिया और समाधान सेल अब अपराधियों के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द बनता नजर आ रहा है। बलौदाबाजार जिले में शुरू की गई महत्वाकांक्षी समाधान सेल योजना के जरिए लगातार मिल रही सूचनाओं पर पुलिस ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है और इसी कड़ी में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम खैंदा में अवैध शराब बिक्री करने वाले एक शराब कोचिया को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्री ओम प्रकाश शर्मा के निर्देशन में 09 मई 2026 को समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर सूचना मिली कि ग्राम खैंदा धान मंडी गंधीरवा पेड़ के पास एक युवक अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भोग प्रसाद उर्फ पिंटू कोसले उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम खैंदा (ड) थाना सिटी कोतवाली के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 पाव देशी मसाला शराब जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 3500 रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके पर ही शराब बेचते पाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक समाधान सेल योजना के जरिए आम नागरिक अब सीधे व्हाट्सएप या कॉल के माध्यम से अपराध और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी दे रहे हैं, जिससे अपराधियों की धरपकड़ में लगातार सफलता मिल रही है। यही वजह है कि अब गांव और शहरों में छिपकर अवैध कारोबार करने वालों में डर का माहौल बन गया है। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध शराब बिक्री या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर दें, क्योंकि आपकी एक सूचना अपराधियों को सलाखों तक पहुंचा सकती है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

