रायपुर,09 मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब रेलवे स्टेशन से खरोरा जा रही सिटी बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी। बस में सवार यात्रियों ने किसी तरह कूदकर और गेट से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, सिटी बस रोजाना की तरह शाम की रिटर्न ट्रिप में रेलवे स्टेशन से खरोरा लौट रही थी। इसी दौरान सड्डू साइंस सिटी सेंटर टर्निंग के पास ड्राइविंग साइड में डीजल टैंक के करीब अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस उसकी चपेट में आ गई।
घटना के समय बस में भारी संख्या में यात्री सवार थे। अचानक आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। यात्री जान बचाने के लिए बस से कूदने लगे। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
आग लगने के कारण पुराने विधानसभा रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पंडरी पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
प्राथमिक तौर पर आग लगने की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि बस का नियमित मेंटेनेंस नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। वहीं बस में अग्निशमन उपकरण नहीं होने और दमकल वाहन के देर से पहुंचने के कारण आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

