चंडीगढ़ 10 May, (Rns): हरियाणा के सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि नालियों की सफाई, नदियों से गाद निकालने और बाढ़ नियंत्रण से जुड़े सभी लंबित कार्य 15 जून तक हर हाल में पूरे किये जायें, ताकि मानसून के दौरान लोगों को परेशानी न हो। 57वीं हरियाणा राज्य सूखा राहत एवं बाढ़ नियंत्रण बोर्ड की बैठक में चौधरी ने बाढ़ नियंत्रण और जल निकासी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इन कार्यों की अंतिम समीक्षा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जो कार्य अभी शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें तुरंत युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। साथ ही जल निकासी के लिए जरूरी पंप और पाइपों की खरीद प्रक्रिया भी समय पर पूरी करने के आदेश दिये। उन्होंने कहा कि कार्यों में देरी या गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर संबंधित मुख्य अभियंता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। समय पर कार्य पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के भी निर्देश दिये गये। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

