बलौदाबाजार, 10 मई (आरएनएस)। बलौदाबाज़ार/ सिमगा के संजारी नवागांव में रात के अंधेरे में ट्रैक्टर के भारी भरकम कैच व्हील पार करने वाले तीन शातिर चोर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए और पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि चोरी का पूरा माल और वारदात में इस्तेमाल बाइक तक बरामद हो गई। मामला पुलिस थाना सिमगा क्षेत्र का है जहां ग्राम संजारी नवागांव निवासी शेखर साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 और 4 मई 2026 की दरम्यानी रात उसके घर के ब्यारा में रखे ट्रैक्टर के तीन कैच व्हील, जिनकी कीमत करीब 30 हजार रुपये थी, अज्ञात चोर उठा ले गए। शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत धारा 303(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में पुलिस सहायता केंद्र लिमतरा ने बीट सिस्टम के जरिए गांव-गांव से आसूचना जुटाई और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी। जांच के दौरान पुलिस को ग्राम गणेशपुर के तीन युवकों पर शक हुआ, जिन्हें हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय अरविंद मसीह, 24 वर्षीय राहुल मसीह और 30 वर्षीय अभिषेक मसीह निवासी ग्राम गणेशपुर थाना सिमगा के रूप में हुई है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने एक पुरानी टीवीएस एक्सएल मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर शेखर साहू के ब्यारा से तीनों कैच व्हील चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के तीनों कैच व्हील, जिनकी कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है, बरामद कर लिए और वारदात में इस्तेमाल टीवीएस एक्सएल मोटरसाइकिल भी जप्त कर ली। खास बात यह रही कि लिमतरा पुलिस सहायता केंद्र ने इस मामले में चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद करने में सफलता हासिल की। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बहरहाल, सिमगा पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि गांवों में चोरी कर आसानी से बच निकलने का दौर अब खत्म हो चुका है और बीट सिस्टम की पैनी नजर अपराधियों तक पहुंच ही जाती है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

