बिलासपुर, 11 मई (आरएनएस)। बिलासपुर नूतन चौक में पुरानी दुश्मनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद चाकू और जानलेवा हमले तक पहुंच गया सरकंडा पुलिस ने मारपीट और अवैध हथियार रखने के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। मामला नूतन चौक का है, जहां 3 मई 2026 की सुबह प्रार्थी प्रियांशु शुक्ला अपने साथियों के साथ ‘अपना मार्टÓ के पास खड़ा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी राजा यादव अपने साथियों लिल्ली नाई और बदकू यादव के साथ वहां पहुंचा और देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगे। हमले में प्रार्थी के साथी युवराज पाण्डेय को गंभीर चोटें आईं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की शिकायत पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 617/2026 दर्ज कर धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस और 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत मामला कायम किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी राजा यादव पिता विनोद यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी अटल आवास नूतन चौक थाना सरकंडा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्टील का धारदार बटनदार चाकू बरामद कर जब्त किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से जारी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के बाद क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में भय का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता की जमकर सराहना की है। बहरहाल, बिलासपुर पुलिस का साफ संदेश है कि रंजिश के नाम पर हथियारबाजी और गुंडागर्दी करने वालों को अब सीधे जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

